

जालंधर, 28 सितंबर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हालिया घटनाक्रम एवं परिसर में अशांति की खबरों पर चिंता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं भाजपा जालंधर सेंट्रल मंडल-5 के अध्यक्ष इंजी. चंदन रखेजा ने गंभीर आरोपों की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच की मांग की है।
LPU से वर्ष 2011 में बी.टेक (मैकेनिकल) एवं 2013 में एमबीए की पढ़ाई पूरी करने वाले रखेजा ने कहा कि इस विश्वविद्यालय से उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं। वर्तमान परिस्थितियां उनके लिए बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पांच प्रमुख मांगें कीं—गंभीर आरोपों की स्वतंत्र जांच, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अभिभावकों के साथ पारदर्शी संवाद, हॉस्टल एवं कैंपस सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तथा लापरवाही या दोष सिद्ध होने पर उचित कार्रवाई।
रखेजा ने कहा, “बिना तथ्यों की पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। अफवाहों के बजाय सच्चाई सामने आनी चाहिए और प्रत्येक छात्र की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए।”
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, छात्रों, अभिभावकों एवं पुलिस प्रशासन से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि LPU जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान की साख छात्रों और अभिभावकों के विश्वास पर टिकी है।
*”सच्चाई सामने आए, न्याय सुनिश्चित हो और विश्वविद्यालय परिसर में जल्द शांति बहाल हो।”*



