
*इनोसेंट हार्ट्स में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से मनाया गया संविधान दिवस*

सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप, इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के पाँचों कैंपसों – ग्रीन मॉडल टाऊन, लोहारां, कैंट-जंडियाला रोड, नूरपुर रोड व कपूरथला रोड में संविधान दिवस के अवसर पर स्कूल क्लबों के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न सार्थक गतिविधियों के माध्यम से संविधान दिवस मनाया गया।
इस अवसर का मुख्य आकर्षण मॉक पार्लियामेंट (संसद का प्रतिरूप) रहा, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्रों ने संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को दर्शाते हुए देश की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया। उन्होंने संसदीय कार्यवाही में उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक प्रथाओं के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया।
बुकमार्क निर्माण गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, भारतीय संविधान से संबंधित उनके ज्ञान को परखने के लिए एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा प्रातःकालीन सभा में सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के सिद्धांतों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अनुभवात्मक अधिगम का अवसर प्रदान किया। इसके माध्यम से उन्होंने भारतीय संविधान के महत्त्व को समझने, एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने तथा ‘विविधता में एकता’ की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा प्राप्त की।



