
एपीजे स्कूल मॉडल टाउन में सीमाओं से परे सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव का आयोजन*

एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर द्वारा ब्रिटिश काउंसिल की आरआईडीएस (RIDS) पहल के अंतर्गत पूर्वी अफ्रीका के बुरुंडी स्थित अपने सहयोगी विद्यालय, क्यूबाहिरो इंटरनेशनल स्कूल के साथ एक आभासी संवाद का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा डॉ. नेहा बर्लिया जी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
दोनों सहयोगी विद्यालयों के बीच आयोजित यह तीसरी संयुक्त परियोजना है ।“Global Narratives: Shared Roots, Diverse Voices” (वैश्विक कथाएँ : सांझा जड़ें, विविध स्वर) जो विद्यार्थियों को सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाने तथा अपनी परंपराओं और अनुभवों को सांझा करने का अवसर प्रदान करती है।
ज़ूम मीटिंग के माध्यम से आयोजित इस संवाद में एपीजे स्कूल के विद्यार्थियों ने लोककथाओं, कलाकृतियों के निर्माण तथा कहानी-वाचन से संबंधित अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच पत्रों के आदान-प्रदान ने उनके आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाया। वहीं, क्यूबाहिरो इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी परियोजना से जुड़ी गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं तथा अपने देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती कहानियों का वाचन किया।
इस आभासी संवाद ने विद्यार्थियों में अंतर-सांस्कृतिक समझ, पारस्परिक सम्मान और वैश्विक जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों की परंपराओं को समझने, उनकी विविधता का सम्मान करने तथा सांझा मानवीय मूल्यों को पहचानने का अवसर मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, डॉ. राजेश चंदेल जी ने शिक्षकों एवं संपूर्ण टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की तथा परियोजना के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने ऐसी अंतर्राष्ट्रीय सहयोगात्मक पहलों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण से परिपूर्ण तथा विभिन्न संस्कृतियों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह पहल समग्र शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता तथा उसके मार्गदर्शक आदर्श “Soaring High Is My Nature” (ऊँची उड़ान भरना मेरा स्वभाव है) को और अधिक सशक्त बनाती है।



