
चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप

लखनऊ: राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां बने लेबर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूत्रों के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और शुरुआती बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए सरोजिनी नगर थाना पुलिस भी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियों को तुरंत तैनात किया गया है। फायर ब्रिगेड के जवान लगातार पानी की बौछारें कर आग बुझाने और उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने की कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले लेबर रूम के हिस्से में भड़की। राहत की बात यह रही कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता दिखाई, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है।



