Sliderपंजाब

जिस दिन ‘मैं’ मिट जाएगी, उसी दिन रूह परमात्मा के रंग में रंग जाएगी : नवजीत भारद्वाज*

जालंधर:- मां बगलामुखी धाम गुलमोहर सिटी नज़दीक लमांपिंड चौंक जालंधर में श्री शनिदेव महाराज जी के निमित सामुहिक निशुल्क दिव्य हवन यज्ञ का आयोजन मदिंर परिसर में किया गया।
सर्व प्रथम ब्राह्मणो द्वारा मुख्य यजमान बलविंदर कुमार से विधिवत वैदिक रिती अनुसार पंचोपचार पूजन,षोडशोपचार पूजन,नवग्रह पूजन उपरांत सपरिवार हवन-यज्ञ में आहुतियां डलवाई गई।
सिद्ध माँ बगलामुखी धाम, गुलमोहर सिटी में आयोजित दिव्य हवन यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन कुंड में प्रज्वलित पावन अग्नि और श्रद्धापूर्वक दी गई आहुतियों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज जी ने प्रवचन करते हुए बुल्लेशाह की इन पंक्तियों के माध्यम से जीवन की एक बहुत गहरी आध्यात्मिक सच्चाई समझाई।
उन्होंने कहा कि बुल्लेशाह फरमाते हैं,
*‘‘फुल्लां दा तू अतर बना, अतरां दा फिर कढ दरिया।*
*दरिया विच फिर रज के नहा, मछलियां वांगू तारियां ला।*
*फिर वी मुक्कणी बू नहीं तेरी, पहले अपनी ‘‘मैं’’ मुका।’’*
बाबा बुल्लेशाह एक अद्भुत कल्पना प्रस्तुत करते हैं। वे कहते हैं कि यदि तुम संसार के सारे फूलों को निचोडक़र इत्र बना लो, और उस इत्र की इतनी मात्रा एकत्र कर लो कि एक विशाल दरिया बहने लगे। नवजीत भारद्वाज प्रभु भक्तों पंक्तियों की आध्यात्मिक गहराई समझाते है कि यहां फूलों से इत्र तैयार करना और इत्र का दरिया बनाना केवल एक कल्पना नहीं, बल्कि मनुष्य के उन तमाम बाहरी प्रयासों और धार्मिक आडंबरों का प्रतीक है, जिनके माध्यम से वह अपने आपको पवित्र सिद्ध करना चाहता है।
हम जीवन भर तीर्थयात्राएं करते हैं, पवित्र नदियों में स्नान करते हैं, दान-पुण्य करते हैं, वस्त्र बदलते हैं, और समाज में अपनी एक धार्मिक और सज्जन छवि गढ़ते हैं। यह सब फूलों से इत्र बनाने जैसा है। हम सोचते हैं कि इन बाहरी कर्मकांडों से हमारे भीतर की मलिनता धुल जाएगी और हमारे जीवन में परमात्मा की सुगंध आ जाएगी।
नवजीत भारद्वाज जी ने कहा कि बुल्लेशाह आगे कहते हैं कि उस इत्र के दरिया में तुम जी भरकर नहा लो, और मछलियों की तरह उसमें गोते लगाओ। लेकिन एक कठोर सत्य सामने रखते हैं ‘‘फिर वी मुक्कणी बू नहीं तेरी’’ (फिर भी तुम्हारे भीतर की दुर्गंध समाप्त नहीं होगी)।
नवजीत भारद्वाज जी ने प्रभु भक्तों को पंक्तियां का सार समझाते हुए कहते है कि यहाँ ‘‘बू’’ या दुर्गंध किसकी है? यह दुर्गंध है हमारे अहंकार की, हमारी वासनाओं की, ईष्र्या और द्वेष की। जिस प्रकार लहसुन या प्याज को इत्र में डुबो देने से उसकी मूल गंध नहीं जाती, उसी प्रकार जब तक मनुष्य का अंत:करण अशुद्ध है, तब तक बाहरी स्नान, तिलक, माला या उपवास केवल ऊपर से इत्र छिडक़ने जैसा है। भीतर की सड़ांध ज्यों की त्यों बनी रहती है। उल्टा, कई बार तो मनुष्य को अपने धार्मिक होने का भी अहंकार हो जाता है, ‘‘मैंने इतने व्रत किए’’ ‘‘मैं इतना बड़ा धर्मात्मा हूँ’’। यह आध्यात्मिक अहंकार तो सांसारिक अहंकार से भी अधिक घातक है।
नवजीत भारद्वाज जी ने प्रभु भक्तों को कहा कि अंतिम पंक्ति इस पूरे प्रवचन का प्राण है पहले अपनी ‘‘मैं’’ मुका। अर्थात् ईश्वर और जीव के बीच कोई मीलों की दूरी नहीं है, केवल एक पतला सा पर्दा है, और उस पर्दे का नाम है ‘‘मैं’’ जब तक ‘‘मैं’’ जीवित है, तब तक ‘‘तू’’ (परमात्मा) प्रकट नहीं हो सकता। जैसे एक म्यान में दो तलवारें नहीं रह सकतीं, वैसे ही एक हृदय में ‘‘अहंकार’’ और ‘‘परमात्मा’’ एक साथ वास नहीं कर सकते।
नवजीत भारद्वाज जी ने प्रवचन के समापन पर संदेश देते हुए कहा कि आज हम बाहरी दिखावे के दरिया से बाहर निकलें और अपने भीतर झाँकें। अपनी ‘‘मैं’’ और अहंकार को विसर्जित करें। जिस दिन यह ‘‘मैं’’ मिट जाएगी, उस दिन आपको किसी इत्र के दरिया की आवश्यकता नहीं रहेगी और आपका संपूर्ण अस्तित्व ही परमात्मा की सुगंध बन जाएगा।
इस अवसर पर सरोज बाला,विक्की अग्रवाल, अमरेंद्र कुमार शर्मा, रोहित गौतम,विवेक अग्रवाल,ऋषभ कालिया,अजीत कुमार , नरेंद्र,राकेश शर्मा, अमरेंद्र सिंह, नवीन , प्रदीप, सुधीर, सुमीत,मनीष शर्मा, दानिश, रितु,प्रदीप वर्मा, गोरव गोयल, मनी ,नरेश,अजय शर्मा,दीपक,रीटा, किशोर,प्रदीप,सीमा, प्रवीण,राजू,संजीव शर्मा,मुकेश,रीमा,अमनदीप शर्मा,वरुण, नितिश,रोमी,दीलीप, लवली, लक्की, मोहित , विशाल , अश्विनी शर्मा, निर्मल,अनिल,सागर सहित भारी संख्या में भक्तजन मौजूद थे।
हवन यज्ञ के उपरांत लंगर भंडारे का आयोजन किया गया।

Related Articles

Back to top button