
ट्रंप के ‘हॉर्मुज’ दावे ने बढ़ाई टेंशन, युद्ध की आग फिर भड़कने का खतरा

अमेरिका: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रोकने वाला 60 दिन का समझौता आज निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच स्थायी शांति समझौते पर सहमति नहीं बन पाई है और तेहरान ने साफ किया है कि उसने अमेरिका के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने का फैसला अभी नहीं किया है। दूसरी ओर, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के आक्रामक बयान ने तनाव और बढ़ा दिया है। ईरान और अमेरिका के बीच जून में हुआ 14 सूत्रीय मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग यानी MoU करीब 60 दिनों के लिए सैन्य टकराव रोकने और आगे स्थायी समझौते की राह बनाने के उद्देश्य से किया गया था। लेकिन समझौते के तुरंत बाद ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर इसकी शर्तें तोड़ने के आरोप लगाने शुरू कर दिए। अब इसकी समयसीमा खत्म हो रही है और न तो नए समझौते की घोषणा हुई है और न ही दोनों पक्षों ने इसे आगे बढ़ाने पर स्पष्ट सहमति जताई है



