
लुधियाना, 22 जून
जैसे पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण वहां की बदलती जनसांख्यिकी देश की चिंता का विषय बन गई थी, उसी तरह पंजाब की खराब कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, ड्रग्स और युवाओं का पलायन राज्य तथा पूरे देश की चिंता का विषय बन गया है। जैसे पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जी-तोड़ मेहनत करके बंगाल में पार्टी को मजबूत कर सरकार बनाई है, उसी प्रकार पंजाब में भी सभी भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करके ‘डबल इंजन’ सरकार बनाएं ताकि पंजाब को इन समस्याओं से मुक्ति मिल सके। ये शब्द भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहे। वह लुधियाना में प्रदेश पदाधिकारियों, पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, विधायकों और जिला अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
नितिन नबीन ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब भाजपा सभी 117 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में जिस तरह ‘सरकार प्लस गुंडा कल्चर’ बंगालियों के लिए बड़ी समस्या बन गया था, उसी तरह पंजाब में ‘सरकार प्लस कॉरपोरेट’ का नया कल्चर पंजाबियों के लिए सिरदर्द बन गया है, जहां लोगों को काम करवाने के बदले भुगतान करना पड़ता है। भाजपा को इस अनोखे भ्रष्ट गठजोड़ के खिलाफ सड़क पर लड़ाई लड़कर ‘डबल इंजन’ सरकार बनानी होगी, जिसके बिना राज्य का राजनीतिक और औद्योगिक पुनरुत्थान संभव नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी संगठन के विस्तार को केवल प्रदेश अध्यक्ष या संगठन महामंत्री का काम न बताते हुए कहा कि यह यहां उपस्थित सभी 150 नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा जन मुद्दों पर पहरा दे रही है, लेकिन अब ज़मीन पर और अधिक सक्रियता बढ़ाने तथा शहर और गांव स्तर के मुद्दों को आधार बनाकर प्रदेश सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत ऊपर से नहीं, बल्कि नीचे बैठे बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से मिलती है। इसलिए बूथ अध्यक्षों के साथ समन्वय मजबूत किया जाए, क्योंकि वही पोलिंग बूथ तक मतदाताओं को लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने राज्य में पैर पसार चुके ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ पार्टी को जल्द ही एक बड़ा अभियान शुरू करने की सलाह दी।
बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व को पंजाब में जीत का पूरा भरोसा दिलाया।