
जालंधर, 4 अगस्त : ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग द्वारा गांवों की जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत करने और स्व-रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आइसक्रीम की बिक्री के लिए ई-कार्ट (फ्रीजर ऑन व्हील्स) उपलब्ध करवाने की अनूठी पहल शुरू की गई है। इस उपक्रम के तहत आज जिले में पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधीन बने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बैटरी वाले 9 ई-कार्ट उपलब्ध करवाए गए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और वेरका के सहयोग से चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को गांवों और स्थानीय बाजारों में आइसक्रीम की बिक्री के माध्यम से रोजगार का जरिया प्रदान करना है।
इस पहल के तहत योग्य स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को ई-कार्ट उपलब्ध करवाने के लिए बिना ब्याज के सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया था, ताकि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं या फिर उनके पारिवारिक सदस्य अपना रोजगार चलाकर अपनी पारिवारिक आय में वृद्धि कर सकें।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने महिलाओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को अपने खुद के उद्यम का मालिक बनाना है। यह ई-कार्ट महिला समूहों के लिए चलते-फिरते स्टोर का काम करेंगे, जिससे उन्हें घर के नजदीक ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर जनरल मैनेजर, वेरका हरमिंदर सिंह संधू, डी.पी.एम. सुखवंत कौर, डी.एफ.एम. कोमल कश्यप, लेखाकार विकास बख्शी और आजीविका मिशन का ब्लॉक स्टाफ भी मौजूद थे।