SliderUncategorizedपंजाब

मुख्यमंत्री मान की टिप्पणियों पर जय इंदर कौर का बड़ा हमला; राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंची शिकायत

चंडीगढ़/ पटियाला, 17 मार्च 2026

पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय इंदर कौर ने राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन को चिट्ठी लिखकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की शिकायत की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री मान ने महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को लेकर जो बातें कहीं, वे बेहद गलत थीं और उनसे महिलाओं का अपमान हुआ है। जय इंदर कौर ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई है।

जय इंदर कौर ने अपनी चिट्ठी में साफ तौर पर कहा कि किसी महिला को ‘पटोला’ कहना और उसके रंग-रूप का मजाक उड़ाना बहुत ही गलत बात है। यह महिलाओं की बेइज्जती करने के बराबर है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटिया बात करना बेहद अफसोसजनक है, वह भी उस खास दिन पर जब पूरी दुनिया महिलाओं का मान-सम्मान कर रही थी।

उन्होंने यह भी कहा कि इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा दिए गए ऐसे बयान समाज में गलत संदेश देते हैं और हर महिला के आत्म-सम्मान को चोट पहुंचाते हैं।

जय इंदर कौर ने महिला आयोग की चेयरपर्सन से अपील की है कि वे इस मामले का तुरंत संज्ञान लें और इस पर सख्त एक्शन लें। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि मुख्यमंत्री देश की सभी महिलाओं से सबके सामने खुलेआम माफी मांगें।

Related Articles

Back to top button