
मोहाली के विकास और बदहाल नागरिक सुविधाओं का मुद्दा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के समक्ष उठाया: हरदेव सिंह उभ्भा

मोहाली: भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभ्भा ने अपनी धर्मपत्नी एवं नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 41 की भाजपा पार्षद श्रीमती गुरप्रीत कौर उभ्भा के साथ चंडीगढ़ स्थित आवास पर भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों जी से मुलाकात की। इस दौरान मोहाली शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार तथा बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि मोहाली के कई सेक्टरों में सफाई, सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। बार-बार शिकायतें और पत्र देने के बावजूद प्रशासन की ओर से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
उन्होंने सेक्टर 85, 86, 88, 98 और 99 सहित अन्य रिहायशी क्षेत्रों में नहरी स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने तथा सेक्टर 66/67 को सेक्टर 80/81 और वेव एस्टेट सेक्टर 84/85 से जोड़ने वाले वर्षों से अधूरे पड़े पुल का निर्माण जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई। इसके साथ ही सेक्टर 87 में जीएमएडीए द्वारा अधिग्रहित भूमि के मालिकों को उचित बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा देने और घोषित दरों की समीक्षा करने का मुद्दा भी उठाया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 41 की पार्षद श्रीमती गुरप्रीत कौर उभ्भा ने गांव संभालकी और नानू माजरा की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग पांच महीनों से दोनों गांवों की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं को लेकर नगर निगम अधिकारियों के समक्ष लगातार शिकायतें और पत्र दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक उचित सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि गांवों में नियमित सफाई नहीं हो रही है तथा कई स्थानों पर खुले नाले पड़े हुए हैं, जिन्हें अभी तक ढका नहीं गया। इससे ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि दोनों गांवों में तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, खुले नालों को ढका जाए और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए।
हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि मोहाली की जनता को केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों की आवश्यकता है। सरकार और प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना चाहिए। भाजपा जनता की आवाज को लगातार संबंधित मंचों पर उठाती रहेगी।
बैठक में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों, मोहाली में पार्टी की मजबूती और आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई। सरदार केवल सिंह ढिल्लों जी ने विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए।
इस अवसर पर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनोज शर्मा जी भी उपस्थित रहे।
हरदेव सिंह उभ्भा एवं पार्षद गुरप्रीत कौर उभ्भा ने कहा कि मोहाली के विकास, स्वच्छ पेयजल, बेहतर नागरिक सुविधाओं और गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी।
फोटो कैप्शन: चंडीगढ़ स्थित आवास पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों जी के साथ मुलाकात के दौरान भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभ्भा एवं उनकी धर्मपत्नी और नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 41 की भाजपा पार्षद श्रीमती गुरप्रीत कौर उभ्भा। साथ में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनोज शर्मा जी।



