

जालंधर, 11 नवंबर। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर लाइसेंसी हथियार लेकर जाने पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी .45 बोर पिस्तौल भी बरामद की है।
पुलिस कमिश्नर जालंधर श्री सतींदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा, पीपीएस तथा एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, कमिश्नररेट जालंधर की ओर से आदेश नंबर 9154-P/Arms/Jalandhar दिनांक 06 नवंबर 2026 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर लाइसेंसी हथियार लेकर जाने पर रोक लगाने संबंधी निर्देश जारी किए गए थे।
इसी क्रम में पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर-7 के एसएचओ इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की अगुवाई में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशेष सूचना के आधार पर शिवा थापर पुत्र स्वर्गीय वरिंदर थापर, निवासी थापरां मोहल्ला, थाना डिवीजन नंबर-3, जालंधर को ट्रू ब्लेंड कैफे, एससीओ नंबर 116-117, अर्बन एस्टेट फेज-2, जालंधर में लाइसेंसी हथियार लेकर जाते हुए पाया।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना डिवीजन नंबर-7 में एफआईआर नंबर 301 दिनांक 11 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने ट्रू ब्लेंड कैफे के मालिक लवप्रीत सिंह उर्फ लव पुत्र पूता सिंह, निवासी निजामपुर, मजीठा रोड, अमृतसर तथा शिवा थापर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शिवा थापर के कब्जे से एक लाइसेंसी .45 बोर पिस्तौल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. लवप्रीत सिंह उर्फ लव पुत्र पूता सिंह, निवासी निजामपुर, मजीठा रोड, अमृतसर।
2. शिवा थापर पुत्र स्वर्गीय वरिंदर थापर, निवासी थापरां मोहल्ला, थाना डिवीजन नंबर-3, जालंधर।
बरामदगी: एक लाइसेंसी .45 बोर पिस्तौल।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर लाइसेंसी हथियार लेकर न जाएं और पुलिस प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



