

दिल्ली: सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर संकट और गहरा गया है। राजधानी रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद अब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दम्माम स्थित ‘किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर नया हमला किया है।सऊदी अरब के सामान्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि देश के पूर्वी प्रांत में स्थित दम्माम एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दम्माम शहर, रियाद से लगभग 410 किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित है और यह क्षेत्र सऊदी अरब के तेल व गैस उद्योग का प्रमुख औद्योगिक व वाणिज्यिक केंद्र है।दम्माम पर हमले से पहले हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी रविवार को फिर हमला किया। सऊदी नीत गठबंधन के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट के टर्मिनल 4 को निशाना बनाकर दागे गए एक “अज्ञात प्रोजेक्टाइल” के कारण वहां आग लग गई और कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि, सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने रियाद एयरपोर्ट के पास आ रही एक क्रूज मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।



