
मिनी कूपर से टक्कर के बाद 3 लोगों की मौत

कोच्चि : कोच्चि के नेदुम्बसेरी एयरपोर्ट के पास तेज रफ्तार मिनी कूपर से एक टू-व्हीलर को टक्कर मारकर तीन लोगों की जान लेने के बाद 19 साल के एक लड़के ने कहा कि पापा संभाल लेंगे। इस हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह हादसा करीब 1:45 बजे कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर हुआ। पुलिस FIR के मुताबिक सुहैल सजीव नाम के लड़के की तेज रफ्तार मिनी कूपर ने पीछे से एक स्कूटर को टक्कर मारी, जिस पर तीन युवा सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवार सड़क पर गिर पड़े, जबकि कार स्कूटर को करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई और फिर रुकी।पुलिस के अनुसार हादसे के बाद सुहैल को कोई पछतावा नहीं हुआ और उसने पूछा, ‘सड़कें किसलिए होती हैं? गाड़ी चलाने के लिए ही न?’ उसने पुलिस से यह भी कहा कि उसके पिता इस मामले को संभाल लेंगे। मीडिया रिपोर्ट में सामने आई इन बातों से आरोपी के पछतावा न दिखाने के रवैये पर लोगों में भारी गुस्सा है। जांच में पता चला कि हादसे से पहले आरोपी ने शराब पी थी। केरल में शराब पीने की कानूनी उम्र 23 साल है, इसलिए 19 साल के लड़के को शराब परोसना गैर-कानूनी है।



