
लधपालवां टोल पर बूम बैरियर तोड़कर निकले कई टिपर

पठानकोट: जिले में रेत-बजरी की ढुलाई और माइनिंग को लेकर चल रहे विवाद के बीच लधपालवां टोल बैरियर पर माइनिंग विभाग की टीम द्वारा वाहनों के दस्तावेजों की जांच के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कुछ टिपर चालकों और विभागीय टीम के बीच बहस होने की जानकारी सामने आई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, माइनिंग विभाग की टीम रेत-बजरी से लदे टिपरों के बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ वाहन चालकों के साथ कथित तौर पर बहस हो गई। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ टिपर चालक कथित तौर पर टोल का बूम बैरियर तोड़कर अपने वाहन लेकर वहां से निकल गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ टिपर वहां से निकलने में कामयाब हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।



