
उत्तर प्रदेश : बरेली जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस इलाके से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। यहां स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट रविवार 21 जून की रात करीब 10 बजे बिजली गुल होने के कारण अचानक बीच में ही अटक गई। भीषण गर्मी और दमघोंटू उमस के बीच तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत कुल 13 लोग करीब 35 मिनट तक लिफ्ट के अंदर ही कैद रहे। इस दौरान हवा की कमी और घबराहट की वजह से 17 साल की एक किशोरी बेहोश हो गई जिसके बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया।जानकारी के लिए बता दें कि मूवी फ्लोर और सेकंड फ्लोर से होते हुए लिफ्ट फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचने वाली थी तभी बिजली चली गई। अंदर फंसे लोगों ने पहले मदद के लिए आवाज लगाई। उन्होंने सुरक्षा प्रभारी को 8-10 बार कॉल किया लेकिन जवाब नहीं मिला। शालिनी के बेहोश होते ही अंदर मौजूद युवकों ने लिफ्ट का गेट तोड़ना शुरू किया। बाहर से फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद लोगों और मॉल कर्मियों ने भी मदद की। करीब 30-35 मिनट बाद गेट तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।