
लुधियाना: मिलरगंज इलाके में स्थित का एक पेचीदा मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने बैंक की रिकवरी प्रक्रिया में सेंध लगाकर महज कुछ ही देर में 6 लाख रुपये अपने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। इस संबंध में पुलिस ने प्रिमियम करंट अकाउंट ब्रांच के एरिया हेड वरिंदर अरोड़ा की शिकायत पर आरोपी प्रीति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के उद्देश्य से आरबीएल बैंक की मिलरगंज शाखा में अपना खाता खुलवाया था। ट्रेडिंग के दौरान हुए घाटे के चलते बैंक ने अपनी 10,44,425 रुपये की बकाया रकम वसूलने के लिए ‘सी शैडो शिपिंग’ के खाते पर ‘होल्ड’ लगा दिया था। धोखाधड़ी की कहानी तब शुरू हुई जब 18 अगस्त 2025 को जैसे ही बैंक द्वारा उक्त खाते से होल्ड हटाया गया, तो आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए तुरंत धोखाधड़ी की नीयत से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 6 लाख रुपये उड़ा लिए। बैंक अधिकारियों को जब इस सेंधमारी का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक की आंतरिक जांच के बाद मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।