
संस्कृति के.एम.वी. विद्यालय में 24वें स्थापना दिवस पर भूमि पूजन एवं हवन समारोह का आयोजन

संस्कृति के.एम.वी. विद्यालय, जालंधर में 15 अक्टूबर को विद्यालय का 24वाँ स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में हवन एवं पठानकोट रोड परिसर में भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य नव निर्माण कार्य का शुभारंभ वेदों की स्थापना के साथ वैदिक परंपराओं के अनुरूप करना तथा ज्ञान, सकारात्मकता, अनुशासन और संस्कारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना रहा।
समारोह में आर्य शिक्षा मंडल के प्रधान श्री चंद्र मोहन जी एवं श्रीमती नीरजा चंद्र मोहन जी, श्री विवेक सोंधी, श्री असीम सोंधी, श्रीमती नीरू कपूर, श्रीमती ज्योति सग्गी, डॉ० एस.पी.गुप्ता, श्री हरीश गुप्ता एवं श्रीमती शालिनी गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन की पवित्र आहुतियों के साथ शुभारंभ किया गया। भूमि पूजन के माध्यम से आगामी निर्माण कार्य की सफलता, विद्यालय की निरंतर प्रगति तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की प्रार्थना की गई।
हवन के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने ज्ञान, विवेक, आत्मानुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का संकल्प लिया। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति विद्यालय की अटूट आस्था का प्रतीक रहा।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रचना मोंगा ने इस शुभ अवसर पर सभी को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
आयोजन का समापन मंगलकामनाओं एवं विद्यालय की निरंतर उन्नति, समृद्धि और सफलता की प्रार्थना के साथ हुआ। यह पावन आयोजन विद्यालय की विकास यात्रा में एक नवीन अध्याय के शुभारंभ के रूप में स्मरणीय रहा



