
जालंधर: सेंट सोल्जर इंटर कॉलेज (स्कूल) में विश्व इमोजी दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण मुस्कान, रचनात्मकता और सकारात्मक भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न इमोजी आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थी रंग-बिरंगे परिधानों में विद्यालय पहुंचे तथा हस्तनिर्मित इमोजी मास्क, स्माइली क्राफ्ट, फेस पेंटिंग और आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से विभिन्न भावनाओं को अभिव्यक्त किया। मनोरंजक खेलों और रचनात्मक गतिविधियों के दौरान बच्चों ने खुशी, प्यार, हंसी, आश्चर्य और उत्साह जैसी भावनाओं को बड़े ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ मनोरंजक भी बना। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं स्वस्थ तरीके से अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के महत्व से अवगत कराना तथा उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद कौशल का विकास करना था। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उत्साह और उल्लास से गूंजता रहा, जिसने विश्व इमोजी दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। ग्रुप चेयरपर्सन श्रीमती संगीता चोपड़ा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।