

जालंधर:- मां बगलामुखी धाम गुलमोहर सिटी नज़दीक लमांपिंड चौंक जालंधर में श्री शनि देव महाराज जी के निमित्त सामुहिक निशुल्क दिव्य हवन यज्ञ का आयोजन मदिंर परिसर में किया गया।
सर्व प्रथम ब्राह्मणो द्वारा मुख्य यजमान सुनैना तांगडी,भुवन तांगडी से विधिवत वैदिक रिती अनुसार पंचोपचार पूजन, षोडशोपचार पूजन,नवग्रह पूजन उपरांत सपरिवार हवन-यज्ञ में आहुतियां डलवाई गई।
सिद्ध मां बगलामुखी धाम, गुलमोहर सिटी में आयोजित दिव्य हवन-यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पवित्र आहुतियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी और शनिदेव के चरणों में आहुतियां अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज ने अपने दिव्य प्रवचनों में संत कबीर दास जी के प्रसिद्ध दोहे—
*‘‘मन मैला तन उजला, बगुला कपटी अंग।*
*तासों तो कौआ भला, तन मन एकहि रंग।।’’*
की आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए कहा कि मनुष्य की वास्तविक सुंदरता उसके बाहरी स्वरूप, वस्त्रों अथवा वेशभूषा में नहीं, बल्कि उसके विचारों, व्यवहार और हृदय की पवित्रता में छिपी होती है। यदि मन में छल-कपट, ईष्र्या, अहंकार और द्वेष भरा हो तथा बाहर से व्यक्ति धर्म-कर्म और भक्ति का प्रदर्शन करे, तो ऐसी भक्ति का कोई वास्तविक आध्यात्मिक मूल्य नहीं रह जाता।
नवजीत भारद्वाज जी ने प्रभु भक्तों को समझाते हुए कहा कि संत कबीर दास जी ने इस दोहे के माध्यम से समाज को आईना दिखाया है। बगुला बाहर से शांत और ध्यानमग्न दिखाई देता है, लेकिन उसकी वास्तविकता कुछ और होती है। इसके विपरीत कौआ जैसा बाहर से दिखाई देता है, वैसा ही उसका स्वभाव भी होता है। इसलिए कबीर जी कहते हैं कि दोहरे चरित्र वाले व्यक्ति से वह व्यक्ति बेहतर है, जिसके तन और मन में एकरूपता हो।
नवजीत भारद्वाज जी ने प्रभु भक्तों को समझाते हुए कहा कि ईश्वर को पाने या प्रसन्न करने के लिए सबसे पहले अपने अंतर्मन की गहराई में झांकना आवश्यक है। मंदिर की चौखट पर माथा टेकना, माला जपना, हवन-यज्ञ में आहुति डालना और धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होना तभी फलदायी है, जब उन क्रियाओं के पीछे सच्ची श्रद्धा, निश्छलता और करुणा हो। भक्ति और पूजा-पद्धति का मूल उद्देश्य भीतर के काम, क्रोध, अहंकार और द्वेष जैसे विकारों को मिटाकर प्रेम, सेवा और सद्गुणों को अपनाना है।
प्रवचनों के अंत में उन्होंने कहा कि मनुष्य दूसरों के सामने अपनी धार्मिक छवि तो बना सकता है, लेकिन परमात्मा से अपने मन की सच्चाई छिपा नहीं सकता। परमात्मा हमारे शब्दों से अधिक हमारे भावों को देखता है। यदि हमारी वाणी में मिठास है, लेकिन मन में किसी के प्रति द्वेष है, तो हमें सबसे पहले अपने अंतर्मन को निर्मल बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में ऐसी भक्ति अपनाएं, जिसमें दिखावा नहीं-समर्पण हो; अहंकार नहीं-विनम्रता हो; छल-कपट नहीं- सच्चाई हो और नफरत नहीं-प्रेम हो। क्योंकि जिस दिन मनुष्य का तन और मन एक रंग में रंग जाएगा, उसी दिन उसकी भक्ति वास्तविक अर्थों में परमात्मा के चरणों तक पहुंचने योग्य बन जाएगी।
इस अवसर पर श्वेता भारद्वाज,राकेश प्रभाकर,पूनम प्रभाकर,समीर कपूर, विक्की अग्रवाल, अमरेंद्र कुमार शर्मा, रोहित भाटिया,विवेक अग्रवाल, जानू थापर, ऋषभ कालिया, नरेंद्र,राकेश शर्मा,प्रदीप, सुधीर, सुमीत, संदीप, गोरव गोयल, मनी ,नरेश,अजय शर्मा,दीपक , किशोर,प्रदीप , प्रवीण,राजू,संजीव शर्मा,मुकेश,अमनदीप शर्मा, गुरप्रीत सिंह, विरेंद्र सिंह,वरुण, नितिश,रोमी,रवि भल्ला, भोला शर्मा, जगदीश, नवीन कुमार, निर्मल,अनिल,सागर,प्रिंस सहित भारी संख्या में भक्तजन मौजूद थे।
हवन यज्ञ के उपरांत लंगर भंडारे का आयोजन किया गया।



