
फगवाड़ा ( नितिन कौड़ा):- स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड, फगवाड़ा के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन रमन नेहरा का 66वाँ जन्मदिवस स्थानीय वरिंदर पार्क में वृक्षारोपण कर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम वरिंदर पार्क वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह वसुट एवं दविंदर कौशल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड के चेयरमैन मदन मोहन खट्टर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षों के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। अपने जन्मदिवस के अवसर पर रमन नेहरा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य खुशी के अवसरों पर पौधारोपण अवश्य करना चाहिए, ताकि ऐसे विशेष अवसर यादगार बनने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके। स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड के प्रधान आशीष गांधी ने रमन नेहरा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे शहर के प्रत्येक सामाजिक एवं जनहित कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इस अवसर पर चीफ पैटरन राजीव शर्मा, कोषाध्यक्ष मोनिका चोपड़ा, शिव कौडा , खुशबू, जसमीत, तनरूप, चारु दत्त सुधीर, जसविंदर सिंह बॉबी, राजू शीरा, सुनील तिवाड़ी, संजीव कुमार, राजिंदर कुमार सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।