दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग ने अगले 7 दिन दिल्ली-NCR समेत देशभर के 30 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी हुई है। वहीं 17 से ज्यादा राज्यों में लगातार 2 दिन बादल छाए रहेंगे और बारिश होने से मौसम ठंडा बना रहेगा। क्योंकि आगामी 10 मई से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है।IMD के अनुसार, दिल्ली में बीते दिन अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम 23.8 डिग्री रहा। कल भी मौसम साफ रहेगा, लेकिन परसो से मौसम करवट बदलेगा और फिर 4 दिन बादल छाए रहेंगे। गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। आज और कल अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि होगी और उसके बाद लगभग 2 डिग्री की गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी और उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत में हिमाचल प्रदेश में 11, 13,14 मई को और उत्तराखंड में 11 से 13 मई तक गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 से 14 मई तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 14 मई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मई को गरज चमक के साथ बादल बरसेंगे। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में गरज चमक के साथ आंधी की संभावना है। उपरोक्त राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।