
संस्कृति के.एम.वी. स्कूल में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया

संस्कृति के.एम.वी. स्कूल में प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय में गुरु साहिब के जीवन, दर्शन एवं शिक्षाओं को समर्पित विभिन्न विशेष रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, दर्शन एवं महान शिक्षाओं पर आधारित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने गुरु साहिब की महिमा का गुणगान करते हुए एक सुंदर कविता का पाठ भी किया।
विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अनेक ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों को श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से संबंधित साखी ‘सच्चा सौदा’ पर आधारित वीडियो दिखाई गई। कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने गुरु साहिब की शिक्षाओं पर आधारित सुंदर एवं आकर्षक चार्ट तैयार किए। कक्षा चौथी एवं पाँचवीं के विद्यार्थियों ने गुरु जी के तीन स्वर्णिम सिद्धांतों—‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ पर आधारित आकर्षक कार्ड बनाए। कक्षा छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं, कक्षा आठवीं, नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने ‘गुणों की फुलवारी’ शीर्षक के अंतर्गत एक रचनात्मक गतिविधि में भाग लिया। इसके माध्यम से उन्होंने ईमानदारी, सहयोग, विनम्रता एवं सच्चाई जैसे नैतिक गुणों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना मोंगा जी ने कहा कि इन सभी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के हृदय में सच्चाई, विनम्रता, सेवा, समानता, ईमानदारी एवं सर्वहित की भावना का विकास करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को गुरुपर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें श्री गुरु नानक देव जी द्वारा दिखाए गए सत्य, प्रेम एवं मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।



