

जालंधर :- जालंधर के 66 फीट रोड स्थित पॉश रिहायशी इलाके ‘जालंधर हाइट्स’ में एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में बिल्डिंग से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान महकप्रीत कौर (21) के रूप में हुई है, जो बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, महकप्रीत पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी, जिसका नियमित इलाज और दवाएं चल रही थीं। बताया जा रहा है कि सुबह टहलते वक्त वह फ्लैट की बालकनी की ओर गई थी, जहां से अचानक नीचे गिर गई और गंभीर चोटें आने के कारण उसने दम तोड़ दिया।
थाना सदर के एसएचओ संजीव सूरी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच में मामला ऊंचाई से छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस मामले के हर तकनीकी और प्रत्यक्ष पहलू से गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों के बयानों के आधार पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



