

जालंधर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जालंधर में पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और शानदार मार्च पास्ट से सलामी ली। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौजूद थे।
गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने देश और दुनिया के कोने-कोने में बसे भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री ने शहीदों द्वारा दी गई कुर्बानियों को नमन करते हुए कहा कि शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव, शहीद सरदार करतार सिंह सराभा, शहीद ऊधम सिंह, शहीद मदन लाल ढींगरा, शहीद लाला लाजपत राय, शहीद दीवान सिंह कालेपानी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा समय-समय पर शुरू किए गए संघर्षों के कारण ही आज हम आजाद वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंजाबियों ने सबसे अधिक कुर्बानियां दी।
रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार महान शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत है और शहीदों की सोच को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने शहीदों की सोच पर पहरा देते हुए राज्य को ‘रंगला पंजाब’ बनाने और विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए है।
उन्होंने कहा कि सैनिकों, शहीदों के परिवारों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के तहत पंजाब सरकार ने शहीद जवानों के वारिसों के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी है। इस वित्तीय सहायता योजना के तहत अग्निवीरों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य और देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को भी 1 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है।
बागवानी मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र को लाभदायक व्यवसाय बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जापान की एजेंसी जीका के सहयोग से लगभग 1300 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट जल्द शुरू किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पंजाब में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल और उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की किसान-हितैषी नीतियों और बागवानी को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहन के कारण राज्य में बागवानी के तहत क्षेत्र बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हो गया है।
श्री भगत ने कहा कि सरकार ने 7,200 करोड़ रुपये खर्च करके नहर सिंचाई व्यवस्था में बड़ा सुधार किया है। वर्ष 2022 में केवल 20.89 लाख एकड़ (26.5 प्रतिशत) क्षेत्र को नहरी पानी मिल रहा था, जबकि अब यह बढ़कर लगभग 60.30 लाख एकड़ (80 प्रतिशत) हो गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आने वाली पीढ़ियों को पंजाब की समृद्ध विरासत से परिचित करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित वर्षभर चलने वाले प्रोग्राम आयोजित किए जा रहे हैं और इसके लिए बजट में 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
श्री गुरु रविदास जी महाराज के महान जीवन, दर्शन और पवित्र बाणी के अध्ययन के लिए जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां में 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र भी विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अब इस योजना का दायरा बढ़ाकर इसे राज्य से बाहर स्थित धार्मिक स्थलों तक कर दिया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है। इसके लिए ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ का बजट 2025-26 के 585 करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 के लिए 1,170 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पीने का पानी, स्वच्छता और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ शुरू की है, जिसके तहत अब तक 74 लाख 59 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और 1 अगस्त 2026 तक 65 लाख 62 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,274 करोड़ 42 लाख रुपये की वित्तीय सहायता डाली जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जालंधर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 5 लाख 21 हजार से अधिक महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
श्री भगत ने कहा कि पंजाब सरकार की जनहितैषी पहल ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जुलाई महीने तक 33 लाख से अधिक किट वितरित की जा चुकी हैं। इस योजना के तहत केवल जालंधर में 2 लाख 40 हजार से अधिक राशन किट दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ शुरू की है, जिसके तहत 900 से अधिक सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से 6 करोड़ से अधिक लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ लिया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 356 हाईटेक एंबुलेंस लोगों को समर्पित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत 1 मार्च 2025 से अब तक 75 हजार से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
इसी तरह पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए ‘गैंगस्टरा ते वार’ मुहिम भी शुरू की गई है, जिसके तहत 59 हजार से अधिक गैंगस्टरों, उनके साथियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा करते हुए अप्रैल 2022 से अब तक 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ मुहिम के तहत क्रांतिकारी बदलाव किए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सरकार ने जहां ग्रामीण लाइब्रेरी योजना के तहत कुल 275 आधुनिक पुस्तकालय बनाए हैं, वहीं राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय खेलों में प्रतिस्पर्धा करने योग्य बनाने के लिए लगभग 3,100 ग्रामीण खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा गांवों में आधुनिक जिम भी स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और पुरस्कारों से सम्मानित किया जा रहा है। 11 नामी खिलाड़ियों को पी.सी.एस और डी.एस.पी. की नौकरियां दी गई हैं।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया तथा जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और सिलाई मशीनें वितरित की गईं।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल, विधायक बलकार सिंह, ए.डी.जी.पी. नागेश्वर राव, डिवीजनल कमिश्नर रामवीर सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रिया सूद, मेयर विनीत धीर, चेयरमैन जिला योजना कमेटी अमृतपाल सिंह, चेयरमैन पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड मंगल सिंह बस्सी, चेयरमैन जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट रमनीक सिंह रंधावा, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, नितिन कोहली और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।



