बंधन बैंक ने अपनी सीएसआर पहल के तहत सम्पूर्ण भारत में 10 सर्व सुविधायुक्त एम्बुलेंस दान की हैं, जिसमें जालंधर की एक एम्बुलेंस भी शामिल है। इसका उद्देश्य आपातकालीन मेडिकल सर्विस को मजबूत करना और विभिन्न समुदायों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुधारना है। इस पहल की घोषणा बैंक के 10वें स्थापना दिवस के समारोह के दौरान की गई थी और अब यह कार्य कर पूरा किया गया है।

इस पहल से बैंक की यह प्रतिबद्धता झलकती है कि वह स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और तेजी को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है, ताकि मरीजों को आपात स्थिति में समय पर इलाज मिल सके। जालंधर में यह एम्बुलेंस गुरु नानक मिशन अस्पताल ट्रस्ट को सौंपा गया, जिसमें बंधन बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिज़नेस ऑफिसर, राजिंदर कुमार बब्बर, गुरु नानक मिशन अस्पताल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री एस. प्रेम सिंह, वाइस चेयरमैन श्री जी. एस. स्याल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

ये एम्बुलेंस देश भर के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों और स्वास्थ्य संगठनों को दान की गई हैं, जिनमें बेंगलुरु, अहमदनगर, अहमदाबाद, वडोदरा, दिल्ली, जयपुर, अकबरपुर, जालंधर, कोलकाता और सिकंदराबाद शामिल हैं। बैंक कई राज्यों में अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाकर लोगों और उनके समुदायों को स्वस्थ और मजबूत बनाने में अपना योगदान दे रहा है।

बंधन बैंक के एमडी और सीईओ, श्री पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा, “बंधन बैंक में हमारा मानना है कि अच्छी स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच एक मूलभूत अधिकार है, कोई सुविधा नहीं। इस पहल के जरिए हम आपातकालीन मेडिकल रिस्पॉन्स को मजबूत और अलग-अलग समुदायों की सेवा करने वाले अस्पतालों का समर्थन करना चाहते हैं। समग्र विकास के प्रति हमारा समर्पण सिर्फ बैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत में स्वस्थ और मजबूत समुदाय बनाने का प्रयास भी है। इस पहल के माध्यम से हम लोगों की ज़िंदगियों में बदलाव लाना चाहते हैं और सुनिश्चित करना चाहते हैं कि समय पर मेडिकल मदद हर जगह उपलब्ध हो।”

बंधन बैंक के सीएसआर प्रोग्राम्स अब तक 14 राज्यों के 82 जिलों में 25 लाख से ज्यादा परिवारों तक पहुँच स्थापित कर चुके हैं, खासकर महिलाओं और ग्रामीण समुदायों पर ध्यान देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और जलवायु के क्षेत्र में। इन पहलों के जरिए बंधन बैंक लगातार अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और समुदाय विकास के प्रति प्रतिबद्धता दिखा रहा है।