
लुधियाना: महानगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना हाइबोवाल के अंतर्गत आते चंद्र नगर इलाके में पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर पर छापामारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से स्टोर संचालक राजीव कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ट्रामाडोल मार्क की हजारों गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं।CIA के इंस्पेक्टर नवदीप सिंह संधू ने बताया कि 16 मार्च को वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ सिविल सिटी, चंद्र नगर और हरगोबिंद नगर इलाके में मेडिकल स्टोरों की रूटीन चेकिंग और गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर खास से पुख्ता सूचना मिली कि चंद्र नगर स्थित ‘लाइफ मेडिकेयर मेडिकल स्टोर’ पर सरेआम नशीली गोलियां बेची जा रही हैं और वहां युवाओं की भीड़ लगी रहती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से उक्त मेडिकल स्टोर पर रेड की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्टोर संचालक राजीव कुमार को काबू किया। जब दुकान की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। वहां से भारी मात्रा में ट्रामाडोल सॉल्ट वाली प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा बरामद हुआ।