दिल्ली: पश्चिम एशिया के अशांत हालातों और ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर अब आपकी जेब और जेवर पर दिखने लगा है। वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में आज हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोने की चमक कुछ फीकी पड़ती नजर आई। बाजार खुलते ही निवेशकों की बिकवाली के कारण कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सुबह सवेरे ही मंदी का माहौल रहा। 24 कैरेट सोने का वायदा भाव करीब 951 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,43,331 रुपये के स्तर पर आ गया। यह गिरावट पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 0.66% की है। गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में सोना अपने शिखर यानी 1.80 लाख रुपये के पार पहुंच गया था, जिसके मुकाबले अब यह काफी नीचे ट्रेड कर रहा है।दिल्ली और लखनऊ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोने का खुदरा भाव टैक्स सहित 1,48,220 रुपये के आसपास बना हुआ है। वहीं मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में यह 1,48,090 रुपये पर टिका है। दक्षिण भारत के चेन्नई में कीमतें थोड़ी ऊंची हैं, जहां 10 ग्राम सोने के लिए आपको 1,49,020 रुपये खर्च करने होंगे। उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और कानपुर में भी दिल्ली के समान ही रेट लागू हैं।