चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब हरियाणा के एक गैंगस्टर और चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से करीब 5 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर की पहचान मुकेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गोहाना का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें पहले ही सूचना मिल गई थी कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आ रहा है।इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे घेर लिया। मुठभेड़ के बाद मौके से 5 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है।