Sliderपंजाब

मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत इस्तीफा दें, पंजाब को अनुभवहीन सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता — सुनील जाखड़

चंडीगढ़, 6 मई

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल बताते हुए बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए गैर-जिम्मेदाराना बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी विफलता स्वीकार करते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने लिखा:

“बीती रात जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाके बेहद चिंता का विषय हैं, लेकिन उससे भी अधिक चिंताजनक मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान है। पंजाब के डीजीपी इसके पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ होने की बात कह रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री राजनीति से प्रेरित होकर गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। इसके पीछे मुख्यमंत्री की घबराहट और कुर्सी जाने का डर बोल रहा है। बेहतर होगा कि वे अपनी कुर्सी की चिंता छोड़कर पुलिस को विधायकों के पीछे लगाने की बजाय अपना असली काम करने दें। अगर विधायकों ने जाना होगा तो पुलिस उन्हें रोक नहीं सकेगी।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई है, पंजाब में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। अब बीएसएफ और सेना के ठिकानों के पास इस प्रकार के धमाके होना बेहद गंभीर मामला है और यह सरकार की विफलता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य के डीजीपी इन धमाकों के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ बता रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अलग ही भाषा बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह के बयान देने से पहले यह जरूर याद करना चाहिए कि 2017 के चुनावों से पहले उनकी पार्टी के सुप्रीमो पंजाब दौरों के दौरान किन अलगाववादी सोच वाले लोगों के घरों में ठहरते रहे थे।

उन्होंने कहा कि यदि राज्य की एजेंसियों से उनका वास्तविक काम लेने की बजाय उन्हें सिर्फ कुर्सी बचाने में लगाया जाएगा, तो राज्य कैसे सुरक्षित रहेगा।

सुनील जाखड़ ने कहा कि जिस दिन मुख्यमंत्री विधानसभा में नशे की हालत में पहुंचे थे, उसी दिन से वे मानते हैं कि भगवंत मान इस पद के योग्य नहीं हैं। आज के बयान ने उनके इस विश्वास को और मजबूत कर दिया है।

उन्होंने कहा कि वे भारी मन से अरविंद केजरीवाल से अपील करते हैं कि वे अपने मुख्यमंत्री को बदलकर किसी योग्य व्यक्ति को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाएं, क्योंकि पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में मान जैसे गैर-गंभीर व्यक्ति का मुख्यमंत्री होना देशहित में नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भले ही आज कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के आगे घुटने टेक दिए हों, लेकिन भाजपा पंजाब के प्रति अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटेगी और सरकार को अपनी जिम्मेदारी से भागने नहीं देगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी वे सभी कानूनी कदम उठाएगी जिनके जरिए भगवंत मान जैसे गैर-जिम्मेदार व्यक्ति को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाया जा सके।

उन्होंने दोहराया कि पंजाब के लोग इस नौसिखिया सरकार के कार्यकाल से तंग आ चुके हैं, जिसके शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

Related Articles

Back to top button