
मोहाली, मई 2026: अपने 25वें वर्ष में इंडियन स्कूल ऑफ़ बिज़नेस (आईएसबी) ने हैदराबाद और मोहाली कैंपस में पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (पीजीपी) 2027 बैच के लिए 839 छात्रों का स्वागत किया। इस बैच में हैदराबाद कैंपस में 424 और मोहाली कैंपस में 415 छात्र शामिल हैं।
आईएसबी के पीजीपी 2027 बैच में शुरुआती करियर वाले प्रोफेशनल्स से लेकर अनुभवी प्रतिभाएं शामिल हैं। छात्रों की औसत आयु 26 वर्ष है और उनके पास 2 से 18 वर्षों तक का कार्य अनुभव है। इस बैच में महिलाओं की भागीदारी 45% से अधिक है, जो एक विविध शैक्षणिक माहौल को मजबूत बनाती है। यह बैच 12 से अधिक इंडस्ट्रीज और 15 विभिन्न कार्यक्षेत्रों से प्रतिभाओं को साथ लाता है, जिनमें आईटीईएस, बैंकिंग, कंसल्टिंग, ई-कॉमर्स, मीडिया और एफएमसीजी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
पीजीपी 2027 बैच में सशस्त्र बलों, इसरो और बीएआरसी जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों से जुड़े लोग, उद्यमी, तथा चिकित्सा, कानून, इंजीनियरिंग और क्रिएटिव आर्ट्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स शामिल हैं। इस बैच में कई अवार्ड -विनिंग प्रतिभाएं भी हैं, जिनमें ऑल इंडिया रैंक हासिल करने वाले छात्र, खिलाड़ी और विद्वान शामिल हैं।
आईएसबी ने लगभग 13% छात्रों को 12 करोड़ रुपये से अधिक की स्कॉलरशिप्स प्रदान की हैं। इनमें योग्यता आधारित, जरूरत और योग्यता आधारित तथा विविधता को बढ़ावा देने वाली स्कॉलरशिप्स शामिल हैं। ये छात्रवृत्तियां आंशिक से लेकर पूरी ट्यूशन फीस तक को कवर करती हैं और अंतरराष्ट्रीय विविधता, सशस्त्र बलों तथा साझेदार संस्थाओं द्वारा समर्थित पहल जैसी विभिन्न श्रेणियों में दी गई हैं।
नए बैच का स्वागत करते हुए आईएसबी की डिप्टी डीन एकेडमिक प्रोग्राम्स प्रोफेसर दीपा मणि ने कहा, “हम आईएसबी में पीजीपी 2027 बैच का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। यह बैच हमारी ग्लोबल कम्युनिटी की विविधता, प्रतिभा और आकांक्षाओं को दर्शाता है। आईएसबी नेतृत्व और नए विचारों को विकसित करने के अपने 25 वर्षों का जश्न मना रहा है। हमें विश्वास है कि हम छात्रों को संवेदनशील, जिम्मेदार और दूरदर्शी लीडर बनने में सहयोग देंगे, जो तेजी से बदलती दुनिया में सार्थक बदलाव लाएंगे।”
आईएसबी के 25 वर्ष पूरे होने के साथ, नया बैच संस्थान के उस निरंतर प्रयास को दर्शाता है, जिसके तहत प्रतिभाशाली युवाओं को आकर्षित किया जा रहा है और उन्हें वर्ल्ड -क्लास मैनेजमेंट एजुकेशन तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। आईएसबी का पीजीपी प्रोग्राम ऐसा मजबूत और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया कोर्स है, जो छात्रों को आज के तेजी से बदलते कारोबारी माहौल में सफल होने के लिए जरूरी ज्ञान, कौशल और सही सोच प्रदान करता है।