Sliderपंजाब

*पीएम मोदी से प्रेरण लेकर देश और पंजाब के विकास में भागीदार बनें लोग : केवल सिंह ढिल्लों*

चंडीगढ़/मोहाली, 7 अक्टूबर ( ): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को मोहाली में भी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। इस दौरान ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन भी हुआ। इस मौके पर पंजाब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता से प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरणा लेकर देश और राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। ढिल्लों ने कहा ‘सेवा ज्योति’ सिर्फ एक दीपक नहीं, बल्कि यह सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रतीक है। पीएम मोदी ने जनसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाया है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात की सेवा से लेकर प्रधानमंत्री के तौर पर देश का नेतृत्व किया है। पीएम बनने के बाद उन्होंने देश के बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, गरीबों के कल्याण, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। जनधन योजना के जरिये वित्तीय समावेशन को बढ़ाया, तो उज्ज्वला योजना से एलपीजी कनेक्शनों का विस्तार हुआ। आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के घर उपलब्ध करवाए। ढिल्लों ने कहा कि सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ-साथ वंदे भारत जैसी रेल सेवाओं ने देश में परिवहन के बुनियादी ढांचे को नया रूप दिया है। उन्होंने डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और यूपीआई को भारत के डिजिटल बदलाव से जोड़ते हुए कहा कि आज डिजिटल भुगतान आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।

पंजाब और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण हो या 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला या गुरुद्वारों के लंगरों को जीएसटी राहत, केंद्र सरकार के ये कदम सिख धर्म और परंपराओं के प्रति सम्मान के उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, मजदूरों से लेकर समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। ढिल्लों ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ‘सेवा ज्योति’ के संदेश को पंजाब के हर गांव, हर गली और हर घर तक पहुंचाएं और इस संकल्प से लोगों को जोड़ें।

Related Articles

Back to top button