
दिल्ली: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। यदि आप बैंक शाखा से जुड़े कोई जरूरी कार्य जैसे नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस या लोन संबंधी कागजी प्रक्रिया निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो उसे समय रहते पूरा कर लेना उचित होगा। आगामी दिनों में लगातार कई कारणों से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।सूत्रों के अनुसार, 23 मई (शनिवार) से 28 मई (गुरुवार) तक लगातार 6 दिनों के लिए एसबीआई शाखाओं में कार्य प्रभावित रह सकता है। इसके बाद 29 मई 2026 (शुक्रवार) से सामान्य बैंकिंग सेवाएं फिर से शुरू होने की उम्मीद है।ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा लंबित मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है। यूनियन का कहना है कि भर्ती, सुरक्षा व्यवस्था, वेतन असमानता और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर लंबे समय से समाधान नहीं हुआ है।