
जालंधर, 06 जून: सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने अपने शिक्षकों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फैकल्टी डेवलपमेंट सेमिनार के दुसरे दिन का सफल आयोजन किया। यह सेमिनार होटल डेज़, ज्योति चौक, जालंधर में आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के विभिन्न परिसरों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार में प्रसिद्ध रिसोर्स पर्सन श्री रवि रंजन ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए प्रभावी शिक्षण एवं आत्म-विकास के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षकों को मोटर स्किल्स एवं सोचने की क्षमता को विकसित करने, कक्षा में सदैव सकारात्मक ऊर्जा के साथ प्रवेश करने, शिक्षण प्रक्रिया में तकनीक का प्रभावी उपयोग करने तथा पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर नवाचारी दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र ने शिक्षकों को अधिक गतिशील, रोचक एवं छात्र-केंद्रित शिक्षण वातावरण तैयार करने के लिए व्यावहारिक रणनीतियाँ प्रदान कीं। शिक्षकों ने चर्चा एवं विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे सेमिनार ज्ञानवर्धक और प्रभावशाली साबित हुआ।यह सेमिनार ग्रुप चेयरपर्सन श्रीमती संगीता चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूलों के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री एस.आर. शर्मा, सेंट सोल्जर एलीट स्कूल, जालंधर विहार की प्रिंसिपल श्रीमती रितु चावला तथा समूह की विभिन्न स्कूल शाखाओं के स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती संगीता चोपड़ा ने शिक्षकों के सतत विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण कौशल एवं नवाचारी शैक्षणिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाते हैं, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।