बाथू, ऊना, 18 जून 2026
इंदस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू (ऊना) के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र आदित्य राणा, जो बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट हैं, का चयन 79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 21 जून, 2026 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित की जा रही है।हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित चयन ट्रायल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आदित्य राणा का चयन किया गया। अपनी प्रतिभा, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर आदित्य ने यह उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर वे विश्वविद्यालय एवं क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि के कारण आदित्य राणा विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार बहल ने आदित्य राणा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां किसी भी संस्थान की पहचान होती हैं। उन्होंने कहा कि आदित्य ने अपनी मेहनत और लगन से विश्वविद्यालय तथा हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जे. एस. राणा ने आदित्य राणा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंदस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, एनसीसी तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विशेष महत्व देता है।इस अवसर पर डीन अकादमिक्स डॉ. अमिता रानी ने कहा कि आदित्य की उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा यह विद्यार्थियों में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करेगी। वहीं एनसीसी इंचार्ज सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) बलबीर सिंह ने कहा कि एक एनसीसी कैडेट के रूप में आदित्य ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी सफलता विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई के लिए भी गौरव का विषय है।विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने आदित्य राणा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार को विश्वास है कि आदित्य राणा राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश और इंदस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।