वैंकूवर : कनाडा के वैंकूवर में आयोजित एक सार्वजनिक योग कार्यक्रम के दौरान खालिस्तान समर्थक घुस आए और हंगामा शुरू कर दिया खालिस्तान समर्थक समूह सिख्स फॉर जस्टिस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है। कार्यक्रम में भारतीय वाणिज्य दूतावास के एक वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। आलोचकों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मेगाफोन, झंडों और राजनीतिक नारों के माध्यम से कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया, जिससे वहां मौजूद परिवारों और प्रतिभागियों को असुविधा हुई।घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भूमिका पर सवाल उठाए हैं। आलोचकों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में बार-बार होने वाले ऐसे प्रदर्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।कुछ टिप्पणीकारों ने आरोप लगाया कि अलगाववादी विचारधारा से जुड़े समूहों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर विशेष छूट मिल रही है, जबकि अन्य नागरिकों पर सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर अधिक प्रतिबंध लागू किए जाते हैं। दूसरी ओर, नागरिक अधिकारों से जुड़े कुछ लोग तर्क देते हैं कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों का हिस्सा है।