जालंधर, 1 जुलाई : मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान एवं संगठन के जनरल सेक्रेटरी मज़हर आलम मजाहिरी ने अपने साथियों के साथ नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह से मुलाकात कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं एवं मुबारकबाद दी। इस अवसर पर ऑल पंजाब जमात-ए-सलमानी ट्रस्ट पंजाब के प्रधान हाजी आबिद हसन सलमानी, कलीम सलमानी सहित अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को गुलदस्ता भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि जालंधर में अमन-शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज हमेशा पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सामाजिक सौहार्द और जनहित से जुड़े हर कार्य में संगठन पुलिस का पूरा सहयोग करेगा।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ सभी सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही प्रभावी कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है तथा जालंधर को एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से पुलिस के साथ मिलकर शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।