
फगवाड़ा 15 जुलाई (शिव कौड़ा): सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने बुधवार को बस स्टैंड के सामने स्थित मुख्य सर्विस लेन के चल रहे री-कार्पेटिंग (पुर्ननिर्माण) कार्य का निरीक्षण किया। यह कार्य विशाल मेगामार्ट से बंगा रोड तक के हिस्से में किया जा रहा है।इस अवसर पर उनके साथ मेयर रामपाल उप्पल,अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर-कम-नगर निगम कमिश्नर रणदीप सिंह हीर तथा नगर निगम के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे। डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि लगभग 60 लाख रुपये की लागत से चल रही इस लंबे समय से लंबित प्रोजैक्ट का कार्य अगले कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे यात्रियों और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वाहनों की सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 550 मीटर लंबी बिटुमिनस सर्विस लेन का निर्माण किया जा रहा है उन्होंने कहा कि यह प्रोजैक्ट क्षेत्र के निवासियों और व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए शुरू की गई है। सीवरेज प्रोजैक्ट के पूरा होने के बाद सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण लोगों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए सांसद ने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने तथा उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बिना गुणवत्ता से समझौता किए कार्य पूरा करने के भी निर्देश दिए।बाद में डॉ. चब्बेवाल ने सराय रोड और आसपास के बाजारों का दौरा किया, जहां उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने नालियों में जाम की समस्या के समाधान तथा अतिक्रमण हटाने के लिए सभी से पूर्ण सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने से न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि सड़कें भी चौड़ी होंगी, यातायात जाम कम होगा और लोगों को खरीदारी के लिए अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और चौड़े बाजार अधिक ग्राहकों को आकर्षित करेंगे, जिससे व्यापारियों को भी लाभ होगा।पंजाब सरकार की शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शहरों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत सड़कों, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए अनेक विकास प्रोजैक्टों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नागरिकों के सक्रिय सहयोग से फगवाड़ा शीघ्र ही पंजाब के आदर्श शहरों में शामिल होगा।