
दिल्ली: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे के कारण उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे बैठक शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर हंगामा शुरू कर दिया।सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदस्यों से शांत रहने की अपील की। अपनी बात का असर न होते देख उन्होंने बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी और सदन में प्रश्नकाल नहीं हो पाया। इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इस दौरान खरगे ने कुछ कहना चाहा।