गुरदासपुर: चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े और खुलेआम चोरी करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला गुरदासपुर के संगलपुरा रोड से सामने आया है जहां मोटरसाइकिल सवार एक चोर ने दिनदहाड़े एक दुकान के बाहर रखे देसी घी के डिब्बों में से एक को उठाकर अपनी मोटरसाइकिल पर रखा और तुरंत भाग गया। हैरानी की बात यह है कि दुकानदार दुकान के अंदर काम कर रहा था और चोर कुछ ही मिनटों में 18 kg वजन का यह डिब्बा उठा ले गया और दुकानदार को पता भी नहीं चला। बाद में CCTV फुटेज देखने पर पता चला कि बाहर रखे डिब्बों में से एक डिब्बा चोरी हो गया था। दुकानदार के मुताबिक इस डिब्बे की कीमत करीब 11,000 रुपये थी।जानकारी देते हुए गोयल सेल्स कॉर्पोरेशन संगलपुरा रोड के मालिक केशव गोयल ने बताया कि वह कहीं बाहर गए हुए थे और उनके पिता दुकान पर थे। दुकान के बाहर सिफ्टी कंपनी के देसी घी के एक लीटर के डिब्बे के 10 डिब्बे रखे थे। एक डिब्बे में एक लीटर घी के कुल 18 डिब्बे रखे थे। जब वह कुछ देर बाद दुकान पर आए और सामान भेजने लगे तो देखा कि एक डिब्बा गायब है। जब CCTV कैमरा चेक किया गया तो हैरानी की बात यह थी कि दोपहर में एक सिख युवक मोटरसाइकिल पर दुकान पर आया था और देखते ही देखते उसने एक डिब्बा उठाकर मोटरसाइकिल के आगे रख दिया और भाग गया।