Sliderराष्ट्रिय

लक्ष्मी मित्तल का स्टील प्लांट रूसी मिसाइलों से तबाह, 2 की मौत

दिल्ली: रूस-यूक्रेन युद्ध अब भयानक रूप धारण करता जा रहा है। दोनों देश सिर्फ सीमा और सैन्य ठिकानों के अलावा एक-दूसरे के इलाकों में सैकड़ों किलोमीटर अंदर तक हमला कर रहे हैं। यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले के बाद रूस ने ऐसा पलटवार किया कि भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की यूक्रेन स्थित विशाल स्टील फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई। मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत और 14 कर्मचारियों के घायल होने की खबर है, जबकि प्लांट का उत्पादन भी प्रभावित हुआ है। रूस के हमले की चपेट में यूक्रेन के क्रिवी रिह स्थित स्टील कॉम्प्लेक्स आया। यह यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील इकाइयों में से एक है और भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी से जुड़ा है।रिपोर्ट के मुताबिक रूसी मिसाइल हमले में प्लांट के ऊर्जा और ब्लास्ट-फर्नेस ऑपरेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। इसके चलते उत्पादन को आंशिक रूप से रोकना पड़ा। यह रूसी हमला ऐसे समय हुआ जब यूक्रेन ने रूस के भीतर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया था। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, करीब 600 ड्रोन मॉस्को की ओर बढ़ते हुए पाए गए, जिनमें से लगभग एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। मॉस्को क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन के एक निजी घर से टकराने के बाद 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं पोडॉल्स्क में रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी Wildberries के एक वेयरहाउस में भी आग लग गई।

Related Articles

Back to top button