
मेहरचंद पॉलिटेक्निक में पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

जालंधर के मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए दाखिल हुए विद्यार्थियों के लिए पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन डी.ए.वी. सचिव एवं आर्य समाज मंदिर, मॉडल टाउन के प्रधान श्री अरविंद घई ने किया। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह एवं विभागाध्यक्षों ने उनका फूलों से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि आज के कंप्यूटर और मोबाइल युग में विद्यार्थी पुस्तकों से दूर होते जा रहे हैं। इस पुस्तक प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज भी पुस्तकों का कोई विकल्प नहीं है और एक पुस्तक विद्यार्थी की सबसे अच्छी मित्र एवं शुभचिंतक होती है। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने श्री अरविंद घई को बताया कि कॉलेज की इस पुरानी लाइब्रेरी में 60 हजार से अधिक पुस्तकें हैं। इनमें 10 हजार पुस्तकें विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण से संबंधित हैं, जिनमें महान व्यक्तियों की जीवनियां, धार्मिक, आर्थिक एवं सामाजिक पुस्तकें, व्यक्तित्व विकास तथा प्रेरणादायक पुस्तकें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब लाइब्रेरी डिजिटल हो चुकी है और ‘कोहा’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है। श्री अरविंद घई ने लाइब्रेरी के बेहतर रख-रखाव के लिए प्रिंसिपल, स्टाफ एवं विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से लाइब्रेरियन श्री राजीव शर्मा के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पुस्तक मेले विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि और जागरूकता पैदा करने में सहायक होते हैं।



