
एपीजे स्कूल मॉडल टाउन की सार्जेंट पावनी भल्ला ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम

एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी की दूरदर्शी सोच तथा डॉ. नेहा बर्लिया के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर की छात्रा पावनी भल्ला ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विद्यालय एवं राज्य का नाम रोशन किया।
पंजाब बटालियन 2 एनसीसी यूनिट की सार्जेंट पावनी भल्ला ने अपनी उत्कृष्ट निशानेबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की। लगभग डेढ़ महीने के कठिन प्रशिक्षण एवं विभिन्न एनसीसी कैंपों में शानदार प्रदर्शन के बाद पावनी का चयन रोपड़ से थल सैनिक कैंप (TSC) नेशनल्स, दिल्ली के लिए हुआ। उन्होंने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ एवं हिमाचल प्रदेश निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए निशानेबाजी प्रतियोगिता में भाग लिया।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के कुल 17 निदेशालयों ने भाग लिया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ एवं हिमाचल प्रदेश निदेशालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पावनी भल्ला ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निदेशालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया।
पावनी की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंदेल जी ने उसके माता-पिता, एनसीसी प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने पावनी की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।



