

जालंधर: दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी सज्जनानन्द जी पंजाब के कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत के पिता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री स्वर्गीय चुन्नी लाल भगत के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके गृह निवास पहुंचे। इस दौरान स्वामी सज्जनानन्द जी ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनके साथ संवेदनाएं प्रकट कीं।
स्वामी सज्जनानन्द जी ने कहा कि किसी प्रियजन का संसार से चले जाना परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण होता है। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा हमें बताती है कि शरीर नश्वर है, जबकि आत्मा शाश्वत है। ऐसे कठिन समय में परमात्मा का स्मरण और आध्यात्मिक चिंतन मनुष्य को भीतर से शक्ति प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चुन्नी लाल भगत ने सार्वजनिक जीवन में रहते हुए समाज एवं प्रदेश के लिए अपना योगदान दिया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ उनके परिचितों और शुभचिंतकों में भी शोक की भावना है।
इस अवसर पर स्वामी सज्जनानन्द जी ने महिंदर भगत एवं समस्त भगत परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।



