

जालंधर, 12 अक्तूबर : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी कमीशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रगट उत्सव संबंधी 23 अक्तूबर को शहर के बस्तिआत इलाके में निकाली जाने वाली विशाल शोभा यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और चेयरमैन चंदन ग्रेवाल द्वारा आज इस संबंध में स्थानीय जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि बस्तिआत इलाके में शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, आवाजाही के लिए वैकल्पिक रूट, शोभा यात्रा के रूट पर सफाई एवं सजावट, मेडिकल टीमों की तैनाती, निर्बाध बिजली समेत सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्री भगत ने कहा कि भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रगट उत्सव समारोह पूरी श्रद्धा और धार्मिक मर्यादा के साथ मनाए जाएंगे। उन्होंने लोगों को भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रगट उत्सव समारोहों में श्रद्धा भाव से बढ़-चढ़कर भाग लेने और उनके द्वारा बताए गए सत्य, नेकी, मानवता और नैतिकता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शोभा यात्रा संबंधी सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रगट उत्सव समारोहों को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रबंधों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों को पहले ही जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रबंधों की दृष्टि से जिला प्रशासन द्वारा कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी कमीशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा प्रत्येक साल यह समारोह करवाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगठनों और प्रशासन के सहयोग से शोभा यात्रा एवं प्रगट उत्सव समारोहों को पूरी श्रद्धा और सुचारू ढंग से करवाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा बैठक में शामिल होकर अपने विचार भी साझा किए गए।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर, चेयरमैन एस.सी. डेवलपमेंट बोर्ड पंजाब अजय पाल वाल्मीकि, डी.सी.पी. परमिंदर सिंह हीर, एस.डी.एम. शायरी मल्होत्रा के अलावा नगर निगम जालंधर के अधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।



