

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर ( ): पंजाब भाजपा के प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने मानसा में नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवा समाजसेवी परमिंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब को संभालने में नाकाम रहे हैं। उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उनके कार्यकाल में राज्य की कानून-व्यवस्था बदतर और नशे की समस्या बेलगाम हुई है।
ढिल्लों ने परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आखिर हो क्या रहा है? आए दिन हत्याएं हो रही हैं। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को सरेआम गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा जा रहा है। इससे साफ है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है।
ढिल्लों ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा पंजाब की जवानी को नशे से बचाने के लिए आवाज उठा रहे थे। उनका मकसद युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालना था, लेकिन नशे के सौदागरों को यह रास नहीं आया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नशे के खिलाफ लड़ने वाले लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? उन्होंने कहा कि इससे पहले गुलजार सिंह के साथ भी ऐसी घटना होने का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में लगातार बिगड़ती स्थिति लोगों में डर पैदा कर रही है।
*नशा रोकने में पूरी तरह फेल रही सरकार*
केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब में सरेआम नशा बिक रहा है और आम आदमी पार्टी की सरकार इस पर अंकुश लगाने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ती है। यह स्थिति राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने मौजूदा सरकार को पंजाब के इतिहास की सबसे नकारा सरकार करार दिया।



