
FSSAI ने नेस्ले इंडिया से मांगा सबूत, जाने मामला

जालंधर: नेस्ले इंडिया ने अपने शिशु पोषण उत्पाद ‘लैक्टोजेन प्रो 1’ की लेबलिंग से जुड़े एक दावे पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण को विस्तृत जवाब सौंप दिया है। नियामक ने इस दावे को साबित करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण मांगे थे कि उत्पाद में मौजूद ‘व्हे प्रोटीन’ आसानी से पच जाता है। नेस्ले इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘FSSAI की हालिया पोस्ट में उन्हीं बातों को दोहराया गया है, जो 18 सितंबर की पिछली पोस्ट में उत्पाद लेबल के संबंध में कही गई थीं। हमने इस मामले पर FSSAI को अपना विस्तृत जवाब पहले ही सौंप दिया है।’ अपने नए नोटिस में FSSAI ने इस दावे के समर्थन में सबूत मांगे हैं कि ‘लैक्टोजेन प्रो 1’ में व्हे प्रोटीन होता है, जो दूध के प्रोटीन का ही एक हिस्सा है और “आसानी से पच जाता है”। नियामक ने बताया कि यह दावा उत्पाद की पैकेजिंग और विज्ञापन सामग्री पर देखा गया था। उसने खाद्य कारोबार संचालक को निर्देश दिया है कि वे तय समय-सीमा के भीतर जरूरी दस्तावेज और वैज्ञानिक प्रमाण जमा करें।


