

आइची-नागोया : एशियन पैरा गेम्स 2026 में शुक्रवार को भारतीय पैरा-एथलीट संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर T64 स्पर्धा में नया T44 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसी स्पर्धा में उनके साथी अजय कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके साथ ही एशियन पैरा गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 100 के आंकड़े तक पहुंच गई। संदीप ने 52.28 सेकंड का समय लेकर यह खिताब जीता। उन्होंने सऊदी अरब के नूर अलसाना के नाम दर्ज पिछले T44 वर्ल्ड रिकॉर्ड को आधे सेकंड से भी ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया। अजय कुमार 53.61 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे जिससे भारत के लिए पोडियम पर दो खिलाड़ी आ गए। इन दो पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 100 हो गई है जिसमें 25 गोल्ड, 32 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर बना हुआ है जबकि चीन 333 पदकों के साथ सबसे ऊपर है।भारत एशियन पैरा गेम्स में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब पहुंच गया है, जो 2023 में हांगझोऊ में हासिल किया गया था। प्रतियोगिता में अभी डेढ़ दिन का समय बाकी है और इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए भारतीय दल को 12 और पदकों की जरूरत है।


