

दिल्ली: दिवाली से पहले दिल्ली खतरनाक वायु प्रदूषण से जूझ रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह 8 बजे पूरे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 389 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक IIT दिल्ली और रोहिणी में AQI 474, पंजाबी बाग में 465, RK पुरम में 443, ITO में 422, फिरोज शाह रोड पर 420 और इंडिया गेट पर 403 दर्ज किया गया। नगर निगम प्रशासन ने ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ के दूसरे चरण के तहत पानी का छिड़काव करने के लिए ट्रक-माउंटेड वॉटर स्प्रिंकलर तैनात किए हैं। इसके अलावा आनंद विहार और अक्षरधाम के आसपास के इलाकों में AQI 359 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। IGI एयरपोर्ट टर्मिनल 3 पर यह 385, अया नगर में 393 और चांदनी चौक में 391 दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में सुबह का तापमान 17.8°C दर्ज किया गया। आसमान मुख्य रूप से साफ है। IMD ने अगले चार दिनों तक हल्की धुंध रहने का अनुमान जताया है, और 10-11 नवंबर को सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छा सकती है। स्थानीय निवासी सर्वेश ने बताया कि प्रदूषण के कारण सांस लेना बहुत मुश्किल हो गया है और आंखों में जलन हो रही है।



