

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर ( ): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने आम आदमी पार्टी द्वारा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा करने और करीब 45 विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चाओं पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी अपने लगभग आधे विधायकों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है, तो यह सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल के प्रदर्शन पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
अनिल सरीन ने कहा कि पंजाब में बदलाव का नारा देकर सत्ता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि यदि सरकार का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, तो इतनी बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों के टिकट बदलने की चर्चाएं क्यों हो रही हैं? क्या पार्टी स्वयं यह मान रही है कि उसके निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके?
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने चुनावों के दौरान बड़े दावे किए थे कि आम परिवारों से आने वाले समर्पित पार्टी वॉलंटियर्स को विधायक बनने का अवसर दिया जाएगा। लेकिन अब सवाल यह है कि क्या पार्टी का अपने ही उन वॉलंटियर विधायकों की काबिलियत से भरोसा उठ गया है, जिनकी मेहनत और समर्पण के बल पर पार्टी सत्ता तक पहुंची थी?
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपने विधायकों के प्रदर्शन, चुनावी वादों की पूर्ति और वॉलंटियर्स के प्रति अपनी नीति के बारे में पंजाब की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना होगा।



