एनआईटी जालंधर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत ‘सफाई अभियान आयोजित

स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत डॉ बी आर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जालंधर में 1 अक्टूबर को ‘श्रमदान- एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के अंतर्गत सफाई अभियान का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर में सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य फैकल्टी सदस्यों, छात्रों और स्टाफ को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक करना था। यह अभियान ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामूहिक भागीदारी और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देना है।
अभियान का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. अनीश सचदेवा (रजिस्ट्रार), प्रो. शैलेंदर बाजपाई (डीन छात्र कल्याण), प्रो. सुभाष चंदर (डीन योजना एवं विकास) और डॉ. अशोक बग्गा (समन्वयक) सहित संस्थान के कई फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे। निदेशक, रजिस्ट्रार और डीन सहित सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से श्रमदान करते हुए परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रो. कनौजिया ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए और इसके लिए सभी की निरंतर भागीदारी जरूरी है।
सफाई अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर सफाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। श्रमदान के माध्यम से संस्थान ने सामूहिक प्रयास और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रो. अनीश सचदेवा, रजिस्ट्रार, ने अभियान में उत्साह के साथ भाग लेने के लिए सभी फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ और छात्रों की सराहना की।



